5 बजे तक 57% मतदान, बंगाल में इस चरण में भी हिंसा; पुलवामा में बूथ पर ग्रेनेड से हमला

नई दिल्ली. लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में आज सात राज्यों की कुल 51 सीटों पर मतदान हुआ। दोपहर 5 बजे तक कुल 57% वोटिंग हुई। सबसे ज्यादा प. बंगाल में 71% मतदान हुआ। मध्यप्रदेश में करीब 60% और राजस्थान में 58% वोट पड़े हैं। झारखंड में भी 58% से ज्यादा मतदान हुआ है। आज जिन सीटों पर वोटिंग हो रही है उन पर करीब 8 करोड़ 75 लाख मतदाता हैं। 674 उम्मीदवार हैं। जिन 51 सीटों पर मतदान है, 2014 में भाजपा ने उनमें से 39 पर जीत हासिल की थी। कांग्रेस को सिर्फ 2 सीटें मिली थीं।

प. बंगाल में लगातार पांचवें चरण में भी हिंसा की घटना सामने आईं। पश्चिम बंगाल के बैरकपुर में भाजपा और तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई। यहां से भाजपा उम्मीदवार अर्जुन सिंह ने कहा कि मुझ पर टीएमसी के गुंडों ने हमला किया। इन गुंडों को बाहर से लाया गया था। ये लोग वोटरों को डरा रहे हैं। मैं भी घायल हो गया हूं। भाजपा ने यहां दोबारा मतदान कराने की मांग की।

आतंकियों ने जम्मू-कश्मीर में पुलवामा के रोहमू पोलिंग बूथ पर वोटिंग शुरू होने के कुछ देर बाद ही ग्रेनेड फेंक दिया। हालांकि, इसमें कोई घायल नहीं हुआ। पुलवामा अनंतनाग लोकसभा सीट में आता है। यहां पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती समेत 18 उम्मीदवार मैदान में हैं।

स्मृति ने बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगाया

अमेठी में भाजपा उम्मीदवार स्मृति ईरानी ने बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगाया है। ईरानी ने कहा कि मैंने प्रशासन और चुनाव आयोग को अलर्ट करते हुए ट्वीट किया है। उम्मीद है कि वे कार्रवाई करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि देश के लोगों को तय करना है कि राहुल गांधी की इस तरह की राजनीति को दंडित किया जाए या नहीं। इस ट्वीट के साथ स्मृति ने एक वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें एक बुजुर्ग महिला कह रही है कि वह भाजपा को वोट देना चाहती थी, लेकिन जबर्दस्ती हाथ पकड़कर उससे कांग्रेस को वोट दिलवा दिया गया।

महेंद्र सिंह धोनी ने पत्नी साक्षी के साथ रांची में डाला वोट। बेटी ने भी की वोट डालने की अपील।
अभिनेता आशुतोष राणा ने मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर में मतदान किया।
मध्यप्रदेश के छतरपुर में एक व्यक्ति सुबह अपने पिता का अंतिम संस्कार करके वोट डालने पहुंचा।
बिहार में छपरा के 131 नंबर मतदान केंद्र पर ईवीएम तोड़ने के आरोप में रणजीत पासवान नाम का व्यक्ति गिरफ्तार।
स्मृति ईरानी ने अमेठी में कहा- वे (प्रियंका गांधी वाड्रा) पांच साल पहले मेरा नाम नहीं जानती थीं, अब वे अपने पति का नाम कम और मेरा नाम ज्यादा लेती हैं।
बसपा सुप्रीमो मायावती ने लखनऊ में वोट डाला।
राजनाथ सिंह ने लखनऊ में वोट डाला। उन्होंने कहा कि इस बार भी मुझे लखनऊ की जनता बहुत स्नेह देगी। राजनाथ 2014 में भी लखनऊ सीट से जीते थे
पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा पत्नी नीलिमा के साथ झारखंड के हजारीबाग में वोट डालने पहुंचे।
राज्यवर्धन सिंह राठौर ने पत्नी समेत जयपुर में वोट डाला।

सोनिया गांधी : सोनिया गांधी अपनी परंपरागत रायबेरली लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रही हैं। इस सीट से वे तीन बार सांसद रह चुकी हैं। सोनिया से पहले इस सीट से दो बार पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और एक बार फिरोज गांधी भी संसद चुने गए। इस बार सोनिया के खिलाफ भाजपा ने दिनेश प्रताप सिंह को उतारा है। सपा-बसपा गठबंधन ने कांग्रेस को समर्थन दिया और इस सीट से अपना कोई उम्मीदवार नहीं उतारा।
राहुल गांधी : राहुल गांधी अमेठी और वायनाड से चुनाव लड़ रहे हैं। अमेठी से भाजपा ने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को दोबारा टिकट दिया है। स्मृति 2014 में चुनाव हार गई थीं। इस सीट से सपा-बसपा गठबंधन ने कोई उम्मीदवार नहीं उतारा। 
राजनाथ सिंह : राजनाथ सिंह एक बार फिर भाजपा का गढ़ कही जाने वाली लखनऊ सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। वे 2014 में भी इस सीट से चुनाव जीते थे। लखनऊ से पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी पांच बार सांसद रहे। सपा ने लखनऊ से शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी पूनम सिन्हा और कांग्रेस ने प्रमोद कृष्णम को टिकट दिया है।
जितिन प्रसाद : जितिन प्रसाद धौरहरा संसदीय सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी हैं। इस सीट से भाजपा ने रेखा वर्मा को उतारा है। बसपा से अरशद अहमद सिद्दीकी मैदान में हैं। यहां 2014 में भाजपा की रेखा वर्मा ने जीत दर्ज की थी।
राज्‍यवर्धन सिंह राठौर : जयपुर ग्रामीण सीट से भाजपा ने केंद्रीय मंत्री और ओलिम्पिक पदक विजेता कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ को दोबारा मैदान में उतारा है। उनके सामने कांग्रेस ने सादुलपुर से विधायक कृष्णा पूनिया को उतारा है। कृष्णा ने राष्ट्रमंडल खेल 2010 में डिस्कस थ्रो में स्वर्ण पदक जीता था।
राजीव प्रताप रूडी : बिहार की सारण लोकसभा सीट का मुकाबला काफी दिलचस्प है। यहां भाजपा ने केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी को मैदान में उतारा है। दूसरी तरफ राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू यादव के समधी चंद्रिका राय (राजद) पहली बार लोकसभा पहुंचने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। हालांकि, लालू के बेटे तेजप्रताप यादव इसके खिलाफ थे, वे अपनी पार्टी के प्रत्याशी और ससुर के खिलाफ प्रचार कर रहे हैं।

Comments